पीलीभीत। शहर के उपाधि महाविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। बीए की अधिकांश सीटे फुल हो चुकी हैं। स्ववित्त पोषित बीएससी और बीकाम में भी एससी वर्ग में नाममात्र सीट बची है। समय भी दो दिन का ही शेष है। जिले के विद्यार्थी के निजी महाविद्यालयों में प्रवेश ले सकते हैं।
उपाधि महाविद्यालय में बीए में 640 सीटे हैं। स्ववित्त पोषित बीएससी में 320 और बीकॉम में 160 सीटें हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि बीए की अधिकांश सीट भर गई हैं। बीएससी में एससी वर्ग की कुछ सीटें हैं। 20 जुलाई प्रवेश की अंतिम तिथि है। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। नया शिक्षा सत्र भी शुरू हो गया है। उधर, राजकीय महाविद्यालय बीसलपुर की प्रवेश प्रकिया पहले ही पूरी हो चुकी है। स्नातक कक्षाओं में प्रवेश कराने वाले छात्रों के पास अभी निजी महाविद्यालयों में प्रवेश का मौका है।
निजी महाविद्यालयों में हो रहे प्रवेश
राजकीय व अनुदानित कॉलेजो के अतिरिक्त जिले में एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त 25 स्ववित्त पोषित महाविद्यालय संचालित है। इनमें बीए, बीकॉम व बीएससी बायो-गणित के अलावा बीबीए, बीसीए आदि पाठ्यक्रम संचालित हैं। रोहिलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक स्तर द्वितीय चरण ऑनलाइन की अंतिम तिथि 22 जुलाई निर्धारित है। वहीं कॉलेजों को 25 जुलाई तक सीट लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थी निर्धारित अवधि में प्रवेश ले सकते हैं।