दिल्ली में 19 जून को जंतर मंतर पर होने वाले संत समाज के विशाल प्रदर्शन में भीड़ जुटाने के लिए हरिद्वार से आए महामंडलेश्वर योगी यतींद्रानंद गिरि महाराज ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पर जमकर हमला बोला। मेनका गांधी के पशु प्रेम पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में ही पशुओं की सर्वाधिक हत्याएं हो रही हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार के आवास पर गुरुवार को पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर योगी यतींद्रानंद गिरि महाराज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जन्म कानून और सिद्धांत को लेकर हुआ है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जाति धर्म के नाम पर देश कमजोर हो रहा है। सरकार को सभी जातियों को लेकर समान आरक्षण लागू करना चाहिए। उन्होंने देश में सेना का भी अभाव बताया। कहा, देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। सांसद मेनका गांधी के पशु प्रेम पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ वह अपना पशु प्रेम दिखा रहीं हैं, दूसरी तरफ उनके संसदीय क्षेत्र में रोज हजारों बेजुबानों की हत्या हो रही है। ऐसा नहीं कि यह उनके संज्ञान में न हो लेकिन वह मौन हैं। राम मंदिर मुद्दे को राजनीति से दूर रखकर धर्म गुरुओं से आपस वार्ता कर इस विवाद को निपटाने की बात भी उन्होंने कही। बोले, कैराना और कंधरा की घटना से सरकार को सबक लेना चाहिए। हालात बिगड़ने से पहले ही उन्हें संभाला जाना जरूरी है। अंत में उन्होंने बताया कि समस्याओं को लेकर 19 जून को होने वाले प्रदर्शन में केंद्र सरकार को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।