पीलीभीत। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसमें चार एडिशनल एसपी समेत करीब 1100 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
वीवीआईपी सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे कार्यक्रम स्थल और आवागमन मार्ग पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। सुरक्षा के लिए चार एडिशनल पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 47 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक, 41 महिला उपनिरीक्षक, 624 कांस्टेबल और 94 महिला कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, नौ ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर और 34 ट्रैफिक कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 118 एआईयू कर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक कंपनी पीएसी और 10 फायर टेंडर भी तैनात रहेंगे।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। वहीं कुछ सुरक्षा कर्मी लखनऊ मुख्यालय से भी जिले में पहुंचेंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को इनर कार्डन, आउटर कार्डन और वीआईपी कार्डन में विभाजित किया गया है। तीनों स्तरों पर अलग-अलग पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों का सुरक्षा के दृष्टिकोण से निरीक्षण भी किया है। संवाद
-
मुख्यमंत्री के दौरे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार निगरानी रहेगी।
-सुकीर्ति माधव,एसपी