घुंंघचाई। फेरी लगाकर बर्तन बेचने जा रहे ग्रामीण पर बंदरों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में फेरी वाला घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बंदरों को भगाया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव सिकरहना निवासी मझले फेरी लगाते हुए बर्तन बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार को वह रोज की तरह बर्तनों की फेरी लगाने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह सिकरहना मोड़ के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद बंदरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से ग्रामीण घबरा गए और खुद को बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन बंदरों ने उन्हें नोचकर घायल कर दिया।
ग्रामीण की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने शोर मचाकर और डंडों की सहायता से बंदरों को वहां से भगाया। हमले में फेरी वाले के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें सीएचसी पूरनपुर लेकर गए। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।