पूरनपुर। दो पक्षों में हुई मारपीट में घायल महिला का मेडिकल परीक्षण कराने आई महिला सिपाही से पूर्व प्रधान ने छेड़छाड़ की। पहले प्रधान ने सिपाही से व्हाट्सएप नंबर मांगा। फिर जातिसूचक शब्दों से धमकाया। सिपाही कार से उतरकर दूसरे वाहन से थाने पहुंची और तहरीर दी। सेहरामऊ उत्तरी थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
बृहस्पतिवार को सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव जहूरगंज में दो पक्षों में गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई थी। एक पक्ष की सरस्वती देवी को चोटें आईं। घायल का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए सुबह नौ बजे महिला सिपाही को भेजा गया। पीड़िता के पिता हीरालाल भी साथ थे। थाना गेट पर उसी समय बोलेरो से पूर्व प्रधान राजेश राठौर पहुंच गया। उसने पूरनपुर सीएचसी तक छोड़ने की बात कही तो सब उसके साथ बैठ गए। महिला सिपाही का आरोप है कि पूर्व प्रधान ने पहले उसका नाम और जाति पूछी। फिर इधर उधर की बातें करने लगा। पूरनपुर सीएचसी में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करने के बाद डॉक्टरों ने एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सभी बोलेरो से जिला अस्पताल आए और एक्स-रे कराया। वापस आते समय छतरी चौराहे के पास घायल सरस्वती और उसके पिता हीरालाल दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर चले गए। तभी पूर्व प्रधान ने महिला सिपाही से व्हाट्सएप नंबर मांगा। मना करने पर छेड़छाड़ करने लगा। उसी वक्त सिपाही बोलेरो से उतर गई। वह अपने परिचित एक अन्य कांस्टेबल के साथ थाने पहुंची और पूरी बात इंस्पेक्टर को बताई। इंस्पेक्टर सेहरामऊ उत्तरी रामसेवक ने बताया कि महिला आरक्षी की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर पूर्व प्रधान पर छेड़छाड़ और एससी एसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार को पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।