कलीनगर। मानसून की दस्तक के साथ ही संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तहसील प्रशासन ने मंगलवार को नगरिया कट क्षेत्र में मॉक ड्रिल कर अपनी तैयारियों को परखा। शारदा नदी के तेज बहाव में तीन ग्रामीणों के फंसने की काल्पनिक सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और एसडीआरएफ की टीम तुरंत हरकत में आ गई।
राहत दल ने आधुनिक उपकरणों और नावों की मदद से नदी में फंसे तीनों लोगों का सफल रेस्क्यू किया। इस दौरान नाव पलटने जैसी आपात स्थिति का भी सजीव प्रदर्शन किया गया, जहां एक प्रशिक्षित गोताखोर ने नदी में छलांग लगाकर डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। किनारे पर बने अस्थायी कैंप में पीड़ितों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस से अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया। एसडीएम प्रमेश कुमार, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह व नायब तहसीलदार अक्षय यादव की मौजूदगी में हुई इस ड्रिल के बाद अधिकारियों ने तटवर्ती ग्रामीणों को सतर्क रहने व बाढ़ की स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की। एसडीएम ने बताया कि लोगों को बाढ़ से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने की सलाह दी गई है। संवाद