नकल की शिकायत पर सचल दल की
टीम पूरे समय कल्यानपुर परीक्षा केंद्र में डटी रही। उत्तर पुस्तिकाएं सील
कराने के बाद ही टीम गई। वहीं गुरुवार को पहली पाली में 6918
परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 719 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
यूपी
बोर्ड परीक्षा के तहत गुरुवार को प्रथम पाली में इंटर गृह विज्ञान, कृषि
गणित और प्रारंभिक सांख्यिकी विषय की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 7637
परीक्षार्थियों में से 6918 ने भाग लिया, जबकि 719 परीक्षार्थियों ने
परीक्षा छोड़ दी। वहीं सर्वोदय इंटर कॉलेज कल्यानपुर में नकल कराने की
सूचना पर डीआईओएस के निर्देश पर सचल दल नंबर दो के प्रभारी श्यामा कुमार के
नेतृत्व में टीम ने परीक्षा केंद्र में छापेमारी की।
टीम प्रथम पाली
के दौरान परीक्षा समाप्ति तक वहीं जमी रही और उत्तर पुस्तिकाएं सील कराने
के बाद ही रवाना हुई। डीआईओएस ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज, अंगूरीदेवी बालिका
इंटर कॉलेज, हाफिज रहमत खां इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,
वीरांगना अवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज के अलावा टोडरपुर,
न्यूरिया और पिपरिया अगरू के परीक्षाकेंद्रों पर जांच की।
वहीं सचल दल
प्रभारी श्यामा कुमार ने दूसरी पाली में चिरौजींलाल वीरेंद्र पाल सरस्वती
विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राम इंटर कॉलेज आदि
परीक्षाकेंद्रों पर छापेमारी की। परीक्षा के दौरान कोई भी नकलची नहीं पकड़ा
गया। डीआईओएस जेके वर्मा ने बताया कि नकल की सूचना पर सचल दल ने सर्वोदय
इंटर कालेज में छापेमारी की थी। सचल दल परीक्षा संपन्न कराने के बाद ही
वहां से रवाना हुआ।
सीबीएसई परीक्षा में भी नहीं पकड़ा गया नकलची
पीलीभीत।
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के तहत गुरुवार को हाईस्कूल हिंदी व इंटर की रसायन
विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। लायंस बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी
स्कूल के प्रधानाचार्य रमेशचंद्र सेमवाल ने बताया कि गुरुवार को हाईस्कूल
के 277 व इंटर के 237 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। 17
परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। सेंट एलॉयसियस कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर पायस
मैनेजिज ने बताया कि परीक्षा केंद्र में हाईस्कूल के 135 व इंटर के 302
परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों परीक्षा केद्रों पर कोई भी नकलची नहीं
पकड़ा गया।