केंद्रीय महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी जेपीएस राठौर को विजयी बनाने की अपील प्रधानों और बीडीसी सदस्यों से की। उन्होंने केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। इसके अलावा प्रधानमंत्री की रैली में चलने का आह्वान किया।
ललौरीखेड़ा ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम प्रधानों एवं बीडीसी सदस्यों की बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार की जनधन योजना, मुद्रा योजना, फसल बीमा योजना आदि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है तब से गांव में गरीब किसानों के हितों की अनेक योजनाएं चालू की गई हैं। उन्होंने निर्धन कन्याओं की शादी कराने की भी बात कही। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा विधान परिषद प्रत्याशी जेपीएस राठौर का परिचय कराते हुए उन्होंने उन्हें भारी वोटों से जिताने की अपील की। कहा, दिल्ली का काम वह कराएंगी। लखनऊ के काम कराने के लिए जेपीएस राठौर को जिताएं। इस मौके पर प्रत्याशी जेपीएस राठौर, पूर्व विधायक वीके गुप्ता, प्रमोद अग्रवाल, देवेंद्र सिंह टोनी, संजय गंगवार, प्रदीप जायसवाल, प्रवक्तानंद, डीपी सिंह, धर्मेन्द्र चौहान, मौजूद रहे।