पीलीभीत। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार सहित जिले के सभी विधायकों ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने सीएम के सामने विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ के चलते आने वाली दुश्वारियों सहित अन्य मुद्दे उठाए। वहीं, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क समस्याओं के निस्तारण का आग्रह किया। बरखेड़ा विधायक ने पीलीभीत को बाढ़ग्रस्त जिला घोषित करने की मांग की।
बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। बैठक में बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि बाढ़ से हर वर्ष बिजली उपकेंद्र में जलभराव हो जाता है। इसकी ऊंचाई बढ़ाना जरूरी है। गोशालाओं के निर्माण और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुईं सड़कों की भी जल्द मरम्मत कराने का आग्रह किया।
पूरनपुर विधायक ने ट्रांस शारदा क्षेत्र में बाढ़ की समस्या को मुख्यमंत्री के सामने रखा। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने जिले में उद्योगों को स्थापित करने का आग्रह किया ताकि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। इसके साथ ही चल रहे निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने का आग्रह किया।