पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव चन्दूइया में बृहस्पतिवार रात एक विवाहिता पर पति, सास और ससुर को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाने का आरोप लगा है। खाना खाने के कुछ देर बाद तीनों की हालत बिगड़ गई।
चन्दूइया निवासी प्रवीण मंडल ने करीब तीन महीने पहले दिल्ली निवासी रोशनी से प्रेम विवाह किया। इसके बाद वह रोशनी को अपने घर ले आया था। प्रवीण के पिता मोहन मंडल और मां नमिता मंडल का आरोप है कि शादी के बाद से ही रोशनी घर में विवाद करती थी और वह घर से भागना चाहती थी।
परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे रोशनी ने खाना बनाया। आरोप है कि उसने सब्जी में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद प्रवीण, उसकी मां नमिता और पिता मोहन मंडल की तबीयत बिगड़ गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि इसी दौरान रोशनी घर से निकलकर भागने की कोशिश कर रही थी। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया। इसके बाद तीनों बीमार लोगों को सीएचसी पूरनपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत अधिक खराब होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। उधर, जिला अस्पताल में तीनों की हालत अब स्वस्थ बताई जा रही है।