पीलीभीत-भोजीपुरा रेल मार्ग पर ब्राडगेज कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन की लूप रेल लाइनों को उखाड़ने का कार्य शुरू कर दिया। सूत्रों के मुताबिक पीलीभीत-बरेली रेल मार्ग की मेनलाइन को अभी नहीं हटाया जाएगा।
बरेली रूट पर मेगा ब्लाक लेने के बाद ब्राडगेज कार्य तेजी से शुरू कर दिए गए। ब्राडगेज परिवर्तन के बाद प्लेटफार्म संख्या एक व दो को ही मुख्य प्लेटफार्म बनाया जाएगा। इसके चलते शुक्रवार सुबह से ही प्लेटफॉर्म संख्या दो के समीप की लूप रेल लाइनों को उखाड़ने को कार्य शुरू कर दिया गया। रेलवे सूत्रों के मुताबिक अभी पीलीभीत-भोजीपुरा रेल लाइन को नहीं हटाया जाएगा। इन मेन लाइन के जरिए ही रेलवे परिसर में खड़ी निष्प्रोज्य रैक व अन्य कोच बरेली या अन्य स्थानों पर पहुंचाए जाएंगे।
इधर, पीलीभीत-ऐशबाग, पीलीभीत-शाहजहांपुर व पीलीभीत-टनकपुर रूट पर चलने वाली मीटरगेज ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म संख्या एक, तीन व चार से शुरू कर दिया गया है। हालांकि रेलवे की इस व्यवस्था से रेल यात्रियों को ओवरब्रिज से ही होकर उक्त प्लेटफार्म तक पहुंचना पड़ेेगा। इधर मुख्य यातायात निरीक्षक संजीव अग्रवाल ने बताया कि मीटरगेज ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म संख्या एक, तीन व चार से किया जाएगा।