पीलीभीत जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सरकार किसी भी नए कानून को बनाते समय सभी वर्गों के हितों और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखेगी। उन्होंने यह बात यूसीसी (समाज नागरिक संहिता) के संभावित कानून से जुड़े सवाल पर कही।
प्रभारी मंत्री बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर अधिकारियों और भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना है। शासन स्तर से संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जिले में प्रस्तावित कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से आयोजित कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिले के विकास कार्यों, शासन की योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।