हथियारों से लैस थे आरोपी, पुलिस ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। मिट्टी का अवैध खनन होते नायब तहसीलदार ने पकड़ लिया। खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर रवाना हुए नायब तहसीलदार को खनन माफिया ने अपने 15-16 साथियों के साथ दौड़ा दिया। नायब तहसीलदार ने टीम के साथ भागकर जान बचाई। नायब तहसीलदार ने घटना की तहरीर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस को दी, लेकिन उसने दूसरे दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सख्ती के बाद भी क्षेत्र में मिट्टी, रेत का अवैध खनन नहीं रुक रहा है। शाहजहांपुर जिले से डंपरों से भरकर क्षेत्र में मिट्टी का भराव किया जा रहा है। बुधवार को नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित ने सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव जगतपुर में खनन की सूचना पर रात 10 बजे टीम के साथ छापा मारा।
खनन में लगे तीन ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को पकड़ लिया। नायब तहसीलदार ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को कब्जे में लेकर तहसील की ओर रवाना हुए। खनन माफिया ने मोबाइल पर इसकी सूचना देकर 15-16 लोगों को बुला लिया। इस पर खनन माफिया ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर जा रहे नायब तहसीलदार और उनकी टीम को दौड़ा लिया।
पीछा कर रहे लोगों को देख टीम ट्रैक्टरों और ट्राॅलियों को छोड़कर भाग खड़ी हुई। घटना की तहरीर नायब तहसीलदार ने सेहरामऊ उत्तरी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। खनन माफिया में पूर्व में जिला बदर रहा शातिर अपराधी भी शामिल था।
नायब तहसीलदार ने बताया कि पीछा कर रहे लोगों के पास लाठी, डंडा, तलवार और फावड़े थे। भागकर बमुश्किल जान बचाई। घटना की तहरीर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस को देने के साथ उच्च अफसरों को भी दी। एसओ सेहरामऊ उत्तरी प्रकाश सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है। जांच को उच्च अफसर भी मौके पर आने को है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।