महोर्रम और नवरात्र को सकुशल निपटाने के लिए पुलिस गंभीरता से जुटी है। बुधवार को एसपी मुनिराज ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिले के सभी सर्किल एवं थाना प्रभारियों की बैठक की।
इसमें ताजिएदारों और गांव के सभ्रांत नागरिकों से पुराने विवादों की जानकारी कर उनका समय से निपटारा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अब तक की गई मुचलका पाबंद कार्रवाई को भी जाना। एसपी ने कहा कि मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। नवरात्र में मूर्ति विसर्जन भी उसी दिन होने पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश मातहतों को दिए गए। मीटिंग निपटाने के बाद शाम को शहर में पुलिस ने रूटमार्च किया। इसमें एसपी मुनिराज, एएसपी विकास वैद्य, सीओ सिटी निर्मल बिष्ट, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा, कोतवाल हरगोविंद सिंह दोनों थानों के फोर्स के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस लाइन से भी पुलिसकर्मी शामिल किए गए। रूटमार्च सुनगढ़ी थाने से शुरू होकर मेन बाजार, लाल रोड, जेपी रोड आदि मुख्य मार्गों से होता हुआ वापस सुनगढ़ी आकर समाप्त हुआ।