पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आगामी पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले सफारी वाहन स्वामियों ने किराया बढ़ाने की मांग उठाई है। वाहन स्वामियों ने डीएफओ मनीष सिंह को ज्ञापन देकर वर्तमान दरों में संशोधन की मांग की।
वाहन स्वामियों का कहना है कि पिछले पर्यटन सत्र में वाहन निजी श्रेणी में संचालित होते थे। बाद में एआरटीओ और पीटीआर प्रशासन के निर्देश पर वाहनों को व्यावसायिक श्रेणी में कराया गया। इससे बीमा और टैक्स का वार्षिक खर्च करीब 40 से 50 हजार रुपये तक बढ़ गया है। वहीं पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन सफारी किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया। उन्होंने जिप्सी का प्रति शिफ्ट किराया 2000 से बढ़ाकर 2500 रुपये और जीनान सफारी का किराया 2500 से बढ़ाकर 2800 रुपये करने की मांग की। वाहन स्वामियों का कहना है कि किराया बढ़ने से संचालन खर्च निकलने के साथ चालकों की आजीविका भी सुचारु रह सकेगी। संवाद