रोटरी क्लब ऑफ पीलीभीत ग्रेटर का मंगलवार को तीसरा अधिष्ठापन समारोह मनाया
गया। इस मौके पर आठ नए सदस्यों को संगठन में शामिल किया गया।
शहर के एक
होटल में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी संस्था के संस्थापक पॉल हैरिस के
चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलित कर किया गया। सचिव संजय बंसल ने गत
वर्ष के दौरान किए गए कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। इसके बाद
अधिष्ठापन अधिकारी भरत चंद्रा के समक्ष अध्यक्ष सूर्य कुमार ने नवनिर्वाचित
अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल को कॉलर पहनाकर अध्यक्ष घोषित किया। नव निर्वाचित
अध्यक्ष ने 21 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित की। आठ नए सदस्यों को भी संगठन
में शामिल किया गया। गत वर्ष के कार्यकाल में सर्वाधिक उपस्थिति पर पंकज
अग्रवाल, उत्कृष्ट कार्यों के लिए सारिका बंसल, प्रीति अग्रवाल, रेशु
अग्रवाल, अनीता गुप्ता, सीमा अग्रवाल, रीमा अग्रवाल, पायल अग्रवाल, मनीषा
अग्रवाल, संगीता अग्रवाल को सम्मानित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने नए
सदस्यों को क्लब से जोड़ने, सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में ठंडे पानी की
टंकी की स्थापना, स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों के
शौचालयों एवं अच्छे स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता अपनाने पर कार्यशालाएं
आयोजित करने की जानकारी दी। सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा ने क्लब
के कार्यों की सराहना की। शरत चंद्रा ने रोटरी फाउंडेशन को दान के लिए
रोटरी गोलक का वितरण किया और गोलक में अधिक से अधिक धन संग्रह कर समाज के
उपयोगी कार्यों में लगाने का आह्वान किया। संचालन विकास गर्ग, डॉ. सौरभ
अग्रवाल ने किया। इस मौके पर राजेश भार्गव, सहायक डिस्ट्रिक गर्वनर सतीश
जायसवाल व रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारी मौजूद रहे।