मेले के संयोजक मोहित सक्सेना ने बताया कि पूर्व वर्षोें की भांति इस बार प्रधानमंत्री रोजगार कार्यक्रम के तहत ग्राम श्री मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में विभिन्न प्रांतों की झलक देखने के साथ वहां के व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा। मेले में करीब 60 स्टाल लगाए जाएंगे। जिसमें अलग-अलग जिलों के हैंडीक्राफ्ट स्टाल, आयुर्वेदिक दवाओं के स्टॉलों के साथ-साथ रोजमर्रा के जरूरत में काम आने वाली वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। दस दिवसीय मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें कवि सम्मेलन व मुशायरा, फैंसी ड्रेस, ग्रुप डांस, पर्यावरण, पोषण आदि पर आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गांधी प्रेक्षागृह में लगने वाले मेले का उद्घाटन डीएम ओएन सिंह करेंगे। मेले को लेकर छह सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जिसमें अमिताभ अग्निहोत्री, संदीप मिश्रा, कलीम अतहर, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र सिंह, विनोबा आश्रम की रंजना बहन शामिल हैं। तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
मेले में जान सकेंगे अपना ब्लड ग्रुप
दस दिवसीय ग्राम श्री मेले में अपने रक्त के बारे में जानिए के तहत ब्लड कैंप लगाया जाएगा। धीरेंद्र सिंह ने बताया कि कैंप के माध्यम से लोगों को उनके ब्लड ग्रुप की जानकारी दी जाएगी।