गांधी सभागार में हुई बैठक में डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों से दिसंबर तक दस महीनों में हुए व्यय की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। कौशल विकास मिशन में प्राप्त 25 कार्यों के सापेक्ष मात्र दस कार्य पूरे होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि मस्टररोल शिकायतों में जिस बीडीओ की सबसे खराब परफारमेंस है, उसे प्रतिकूल प्रवृष्टि दी जाए। सभी बीडीओ मनरेगा कार्यों पर विशेष ध्यान दें। समाजवादी पेंशन मामले में 32098 लाभार्थियों के खातों में धनराशि पहुुंचने की जानकारी दी गई। उन्होंने मल्टी सेक्टोरल योजना में निर्माण कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए। पशु चिकित्साधिकारियों को अल्पसंख्यकों के पशुआें के लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण करने को निर्देशित किया। जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य योजना में खराब परफार्मेंस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की खराब परफार्मेंस के कारण जिला रेटिंग में पिछड़ा हुआ है। उन्होंने खराब परफार्मेंस पर सीएमओ कार्यालय के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सीएमओ को नौ जनवरी को सभी चिकित्सा प्रभारियों की बैठक में मौजूद रहने के निर्देश दिए। डीएम ने इंदिरा आवास, राष्ट्रीय पेयजल, लोहिया समग्र ग्राम, सर्व शिक्षा अभियान में निशुल्क ड्रेस वितरण, लघु सिंचाई, बीज वितरण, मत्स्य, निर्मल भारत अभियान, मिड डे मील, गन्ना विभाग की समीक्षा की।