पीलीभीत। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने पर सरकार जोर दे रही है। सोमवार को पेश बजट में सरकार ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजोंं में एमबीबीएस की सीटें 1840 से बढ़ाकर 3828 करने का निर्णय लिया है। इससे पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में भी सीटें बढ़ने की संभावना है। माना जा रहा है कि यहां 100 से बढ़कर सीटों की संख्या 150 हो सकती है। इसका चिकित्सा शिक्षा के छात्रों को खासा फायदा होगा।
वर्ष-2020 में पीलीभीत में मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिली थी। शहर से 10 किलोमीटर दूर असम हाईवे पर खाग गांव के निकट 284 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण हो रहा है। अक्तूबर 2022 में निर्माण कार्य पूरा होना था, लेकिन लेटलतीफी के चलते कार्य पूरा न होने से इस साल मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। अभी कार्य अंतिम चरण में है।
कॉलेज में शिक्षण कार्य शुरू करने की पूरी तैयारी हो गई है। मान्यता की प्रकिया चल रही है। मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर समेत 112 पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए सौ सीटें जारी करने की बात सामने आई थी। अब सरकार ने प्रदेश में एमबीबीएस सीटें 1840 से बढ़ाकर 3828 कर दी हैं। उम्मीद है कि सरकार के इस निर्णय के बाद पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में भी सीटों में 50 का इजाफा होगा।