चुनाव निपटने और मौसम साफ होने के साथ धान की खरीद बढ़ने लगी है। अब तक सरकारी क्रय केंद्रों पर 48 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। वहीं राइस मिलों से चावल का उतार भी शुरू हो गया है। इससे खरीद में तेजी आई है साथ ही रेट में भी सुधार हुआ है। उधर मंडी में भी मंगलवार को अच्छी आवक दर्ज की गई।
प्रारंभ में धीमी गति से चल रही धान खरीद में अब एकाएक तेजी देखी जा रही है। वहीं मंडी में कमीशन एजेंटों के माध्यम से भी खरीद हो रही है। इस खरीद से अब तक जिले में 48 हजार मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। मतगणना के चलते मंडी में बंदी के बाद मंगलवार को करीब 22 हजार क्विंटल आवक दर्ज की गई। आवक बढने के साथ ही किसानों को मिलने वाले दाम में भी सुधार हुआ है। यहां एक हजार से 1210 रुपये तक धान खरीदा गया। सरकारी और मंडी में आढ़तों पर खरीद के साथ ही चावल का उतार भी शुरू हो गया है। डिप्टी आरएमओ सुरेश कुमार यादव ने बताया कि अब तक 810 मीट्रिक टन चावल का उतार हो चुका है। धान खरीद के साथ ही चावल उतार में भी तेजी लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि धान खरीद में किसानों को अब कोई दिक्कत नहीं हो रही है।