पीलीभीत के मोहल्ला खुशीमल में सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक मकान की छत पर नमकीन बनाते समय आग लग गई। ऊंची-ऊंची लपटें देखकर लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला खुशीमल में सोमवार सुबह घर की छत पर नमकीन बनाते समय अचानक आग लग गई। भट्ठी में खौल रहे तेल में बेसन की नमकीन डालते ही आग भड़क उठी और पास में रखे तेल के पीपों ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और छत का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक मोहल्ला खुशीमल निवासी जुम्मा घर पर ही नमकीन और सेव बनाकर बाजार में सप्लाई करते हैं। सोमवार सुबह छत पर कारीगर नमकीन बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान भट्ठी में खौल रहे तेल में नमकीन डालते समय अचानक आग लग गई। पास में रखे तेल और मोबिल ऑयल के पीपों तक लपटें पहुंचने से आग तेजी से फैल गई। आग लगते ही काम कर रहे कारीगरों ने शोर मचाया, इससे घर के नीचे मौजूद परिवार के लोग तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग और धुएं की ऊंची लपटें उठने लगीं और मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
छत में आईं दरारें
सूचना मिलने पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी नरेश त्यागी और सीएफओ अनुराग सिंह दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने पहले आग पर काबू पाया, उसके बाद अन्य सामान में लगी आग को पानी से बुझाया गया। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को हटाकर रास्ता खाली कराया। आग की तेज लपटों से घर की छत में दरारें भी आ गईं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने घर के बाहरी हिस्से की दीवार को भी तुड़वा दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।