युवती की मौत पर सीएचसी में परिजन से पूछताछ करती पुलिस -संवाद
पूरनपुर। गांव पड़रिया निवासी विजय कुमार की पत्नी मालती देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के भाई ने दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर मालती देवी को जबरिया जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने भाई की तहरीर पर ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
घुंघचाई थाना के गांव गोपालपुर निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उसने बहन मालती देवी की शादी चार जून 2025 को गांव पड़रिया के विजय कुमार से की थी। शादी के कुछ दिन बाद उसके ससुराली दहेज में पांच लाख रुपये, सोने की चेन, अंगूठी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर बहन को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसकी जानकारी उसने कई बार उन्हें दी थी। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन मालती के ससुराली मांग पर अड़े रहे।
आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने पर रविवार को उसे जबरिया जहर की गोलियां खिला दीं। हालत खराब होने पर उसे नगर के एक प्राइवेट अस्पताल मेेंं लाया गया। सूचना पर पहुंचने पर मालती देवी ने जेठ के पकड़ने और जेठानी को जहर की गोलियां खिलाने की उसे जानकारी मिली। इसके कुछ देर बाद मालती की मौत हो गई।
सीएचसी पहुंचे नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित की मौजूदगी में पुलिस ने शव के पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इस मामले में पुलिस ने भाई विनोद की तहरीर पर विजय, किरन, सर्वेश, अरुन, रामचंद्र व एक अज्ञात के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पूरी कराई जाएगी। संवाद