पीलीभीत। संदिग्ध परिस्थितियों में यहां एक विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे भाई ने मामले की जानकारी पुलिस को देकर पोस्टमार्टम की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र के गांव सुशयार निवासी कमल कुमार की पत्नी मिथिलेश कुमारी (22) की बृहस्पतिवार देर रात तबीयत खराब हो गई। ससुराल वाले उसे जिला अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ससुर ओमकार ने मायके पक्ष को इस आशय की सूचना दी। मायके जिला बरेली के थाना हाफिजगंज के गांव नरई नउआ नगला से आए मृतका के भाई गजेंद्र पुत्र लीलाधर ने इस संबंध में थाना जहानाबाद पुलिस को सूचना दी। गजेंद्र ने बताया कि उसकी बहन की शादी पांच वर्ष पूर्व थी। मौत का कारण जानने के उसने बहन के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।