बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूला के एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक की सर्प दंश से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया है।
गांव रसूला निवासी जयवीर गंगवार ने बताया कि उनका 22 वर्षीय अविवाहित पुत्र राजीव कुमार शनिवार दोपहर खेत पर जाने की बात कहकर बाइक से घर से रवाना हुआ था। शाम तक जब राजीव घर नहीं लौटा तो घरवालों को चिंता हुई। घरवालों ने मोबाइल फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन नहीं उठा। हालांकि फोन पर घंटी जाती रही थी।
देर शाम जब जयवीर अपने खेत पर गए तो उनके खेत के पड़ोस में स्थित राम बहादुर के यूकेलिप्टस के पास में राजीव का शव पड़ा मिला। उसकी बाइक थोड़ी दूरी पर खड़ी हुई थी। उसके शरीर पर चोटों के कोई निशान नहीं थे। उसके पैरों में सुई भोंके जाने जैसे कुछ निशान दिखाई दे रहे थे।
सूचना मिलते ही कोतवाल संजीव शुक्ला फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। जयवीर ने बताया कि उनकी और उनके पुत्र की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे से मृतक के घर कोहराम मच गया है। मृतक के पिता जयवीर गंगवार, मां विमला देवी, भाई निखिल कुमार, बहन कल्पना देवी और सुमन देवी का रोते-रोते बुरा हाल है।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला सर्प दंश का लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। मृतक पूर्व प्रधान जामवती का भतीजा था।