पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूरिया। थाना क्षेत्र के गांव मैथी सैदुल्लागंज निवासी पूनम देवी ने ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया। मारपीट में उसका एक दांत भी टूट गया।
दर्ज रिपोर्ट में पूनम देवी ने बताया कि उसकी शादी 24 अप्रैल 2024 को सूरजपुर गांव निवासी होरीलाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति समेत कौशल्या देवी, दीनदयाल, हीरालाल, धर्मपाल, मालती देवी, प्रीति देवी और सोमवती दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। 12 अगस्त 2026 को सभी ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसका दांत टूट गया। इसके बाद पति उसे मरोरी गांव स्थित उसके ननिहाल में छोड़कर चला गया। पुलिस से शिकायत के बाद समझौता होने पर वह दोबारा ससुराल चली गई। पूनम का आरोप है कि 29 सितंबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने फिर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।