जहानाबाद। दहेज की मांग पूरी न होने पर गांव सहगवां नगरिया में रहने वाली विवाहिता के साथ मारपीट की गई। उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी पति ने दूसरी शादी कर ली। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जहानाबाद थानाक्षेत्र के ग्राम सहगवां नगरिया निवासी शिवानी वर्मा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 23 मई 2020 को कोतवाली दियोरिया के ग्राम नोवा नगला निवासी नेत्रपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उस पर पांच लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। जब उसने दहेज देने में असमर्थता जताई तो ससुराल वालों ने उसकी पिटाई की। मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि नौ नवंबर 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर से निकाल दिया। आरोप है कि इसके बाद पति ने दूसरी शादी कर ली। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति नेत्रपाल, जेठ लालाराम, सास नन्ही देवी, देवर कमलेश और प्रेमवती के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।