बरखेड़ा। संदिग्ध हालात में मजदूर की मौत हो गई। उसका शव बरामदे में चारपाई पर मिला। गर्दन पर खरोंच के निशान मिलने पर परिवार वालों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप गांव के ही एक परिवार के तीन लोगों पर लगाया है। पुलिस ने मृतक के भतीजे से मिली तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेजा है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थाना क्षेत्र के काजरभोजी गांव निवासी 25 वर्षीय नन्हेलाल पुत्र चुन्नीलाल भिकारीपुर गांव के में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह 10 बजे नन्हेलाल भट्ठे से घर आया था। उसके घर पर रखा एक मोबाइल गांव के ही सुरेश के पास देख उसने मोबाइल को लेकर सवाल किए। इस पर सुरेश ने झगड़ा शुरू कर दिया। दोनों के बीच गाली- गलौज होने लगी। सुरेश ने अपने भाई देवदत्त और पिता वर्माजीत को बुलाकर नन्हेलाल की पिटाई कर दी। शोर मचने पर जमा हुए ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद नन्हेलाल घर आ गया। रात को खाना खाने के बाद वह बरामदे में चारपाई पर सो गया। पत्नी प्रीति कमरे में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सो गई। शनिवार सुबह परिवार वाले सोकर उठे तो नन्हेलाल का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर खरोंच का निशान मिलने पर परिवार वालों ने हत्या का आरोप सुरेश और उसके परिवार वालों पर लगाया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में थाना से पुलिस गांव पहुंची और मौका मुआयना कर हत्या की जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मृतक के भतीजे सतीशपाल से मिली तहरीर के आधार पर सुरेश, देवदत्त और वर्माजीत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। अभी कई बिंदुओं पर छानबीन चल रही है।