पूरनपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन आयल मिल । स्रोत - ग्रामीण
पूरनपुर क्षेत्र में गढ़वाखेड़ा के पास चल रहा निर्माण, पहले भी जारी किया गया था नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। अब तक जिला पंचायत से बिना नक्शा पास कराए कॉलोनियों को विकसित किया जा रहा था। अब पूरनपुर क्षेत्र में बिना किसी अनुमति और लेआउट के ऑयल मिल का निर्माण शुरू कराया गया है। जानकारी होने पर जिला पंचायत ने जांच के बाद निर्माण रोकने के लिए नोटिस जारी किया है।
ग्रामीण क्षेत्र में व्यवसायिक निर्माण शुरू कराने से पहले जिला पंचायत से नक्शा पास कराया जाता है और लेआउट भी पास होता है। इस आदेश के बाद भी कुछ लोग ऐसा नहीं करते हैं। जिला पंचायत की ओर से ऐसे ही पूरनपुर और बीसलपुर क्षेत्र के 13 काॅलोनाइजरों को नोटिस जारी किया गया था।
अब पूरनपुर क्षेत्र में अवर अभियंता और राजस्व निरीक्षक ने जांच के दौरान पाया कि असम हाईवे पर गढ़वाखेड़ा के पास गर्ग एग्रो फूड्स के नाम से ऑयल मिल बनाई जा रही है। इसको लेकर जिला पंचायत से किसी प्रकार का नक्शा और लेआउट पास नहीं कराया गया है। दोनों ही अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट अपर मुख्य अधिकारी को दी।
पूर्व में 26 जून को फर्म के स्वामी लक्ष्मी नारायन को नोटिस जारी किया गया। पहले नोटिस के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब फिर 23 फरवरी को जिला पंचायत की ओर से दूसरा नोटिस जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि नोटिस मिलने के सात दिनों तक मानचित्र जिला पंचायत से स्वीकृत करा लें। अन्यथा की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपर मुख्य अधिकारी हरमीक सिंह ने बताया कि गर्ग एग्री फूड्स के स्वामी लक्ष्मी नारायन अग्रवाल को नोटिस जारी किया गया है। सात दिन में मानचित्र पास न कराने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।