जहानाबाद। पीलीभीत-बरेली रेलखंड पर शाही रेलवे स्टेशन के निकट युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
हादसा जहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाही रेलवे स्टेशन के निकट हुआ। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस को रेल खंड के पोल संख्या 273/4 व 273/5 के बीच शव पड़ा होने की सूचना मिली। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस पर युवक की शिनाख्त क्षेत्र के गांव गुलड़िया जाफरपुर निवासी विपिन (25) पुत्र ओमकार के रूप में हुई।
सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसका उपचार चल रहा था। सोमवार रात वह घर से निकल गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।