पीलीभीत जनपद के जहानाबाद में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने खुद ही कॉल कर पुलिस बुला ली और अपनी मांग रखी। उसकी मांग सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
पीलीभीत के जहानाबाद कस्बे में एक युवक बुधवार को करीब साढ़े 11 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक ने टावर पर चढ़ने के बाद खुद ही पुलिस को फोन पर सूचना दी और ऊपर ही बैठ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच कस्बा के लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई। युवक किस बात को लेकर टावर पर चढ़ा है, इसकी जानकारी की गई।
विज्ञापन
कस्बा चौकी इंचार्ज अशोक गहलोत ने बताया कि कस्बा के मोहल्ला शादात में लगे टावर पर चढ़े युवक का नाम चंद्रसेन है। वह पड़ोस के गांव सरौरी का रहने वाला है। फोन पर युवक ने बताया कि न्यूरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में उसकी ससुराल है। उसकी पत्नी कई दिनों से मायके में है। बुलाने पर घर नहीं आ रही है।
युवक की मांग है कि जब तक उसकी पत्नी को नहीं बुलाया जाएगा तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। हालांकि युवक अपने ससुर का नाम व पता सही से नहीं बता पा रहा है। पुलिसकर्मी फोन पर बात कर उससे जानकारी जुटा रहे हैं। दोपहर एक बजे तक युवक नीचे नहीं उतरा था। युवक के परिजनों को भी सूचित किया गया है। वह भी मौके पर पहुंच गए हैं। युवक को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।