दि किसान सहकारी चीनी मिल की खराबी दूर कर मंगलवार रात्रि मध्यरात्रि से चीनी मिल को चालू करवा दिया गया। धीमी गन्ना तौल को लेकर गन्ना से भरे वाहनों की लाइनें दूसरे दिन भी आसाम हाइवे पर लगी रहीं। इससे लोगों को आवागमन में भारी असुविधा हुई। चीनी मिल गुरुवार से गन्ना सप्लाई का भुगतान शुरू करेगी।
बॉयलर ट्यूब फटने से दि किसान सहकारी चीनी मिल मंगलवार को अपरान्ह करीब दस बजे बंद हो गई थी। मिल का पेराई कार्य ठप हो जाने से गन्ना भरे वाहनों का आसाम हाइवे पर पश्चिम में चीनी मिल के पहले गेट तक और पूरब में पुलिया के समीप तक जाम लग गया। इससे लोगों को जाम से जूझना पड़ा। किसान और चीनी मिल से जुड़े लोग खराबी को एक-दो दिन में ठीक होने की उम्मीद जता रहे थे। किसानों का कहना था कि बॉयलर ट्यूब ठंडी होने के बाद उस पर कार्य शुरू होगा। इसमें एक-दो दिन लगना तो तय है। हालांकि चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक ने मंगलवार की देररात तक खराबी दूर कर चीनी मिल चलवाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि खराबी दूर का मिल को मंगलवार को रात करीब बारह बजे चलवा दिया गया। तब से मिल पूरी क्षमता में फिर से चलने लगी है। उन्होंने बताया कि किसानों को गन्ना सप्लाई का भुगतान भी बृहस्पतिवार से शुरू किया जाएगा।
---