बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित मॉडल स्कूल बरहा में लगे स्काउट कैंप में विद्यार्थियों ने जमकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बीएसए ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।
शहर से सटे बरहा स्थित मॉडल स्कूल में लगे एक दिवसीय कैंप का शुभारंभ बीएसए अंबरीष कुमार यादव ने किया। कैंप में चारों हाउस के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल मैदान में रंग बिरंगे टैंटों का निर्माण किया। टैंट में रंगोली, स्नानागार, पूजाघर, रसोईघर आदि को भी दर्शाया गया। बीएसए, स्काउट मास्टर लक्ष्मीदेवी शर्मा, सर्व शिक्षा अभियान समन्वयक राकेश पटेल ने टैंटों का अवलोकन किया। इस दौरान छात्राओं ने वी वेलकम वी वेलकम गीत सुनाकर निर्णायक मंडल को हतप्रभ कर दिया। टैंट निर्माण में मेजर ध्यान हाउस, राधाकृष्णन हाउस व अब्दुल कलाम हाउस ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। ध्यानचंद हाउस में मनीष, ललित, करन कुसुम, राधाकृष्णन हाउस में हेमंत, राधा, कामिनी, खुशबू, अब्दुल कलाम हाउस में पूजा, ज्योति, प्रिया, सतीश, प्रतिभा, अजमी, विकास, शेखर, आकाश आदि शामिल रहे। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। बीएसए ने विद्यार्थियों ने प्रतिदिन विद्यालय आने व घर पर भी पढ़ाई को प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षक शिक्षिकाओं को भी जमकर शाबासी दी और खेल सामग्री समेत अन्य संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कैंप कोआर्डिनेटर अजय कुमार गुप्ता ने सभी का आभार जताया। कैंप अनुदेशक सृष्टि कटियार के निर्देशन में हुआ। संचालन करुणा गौड़ ने किया। इस मौके पर नजाकत खां, सौरभ सक्सेना, आकाश सक्सेना, अनीता तिवारी, प्रधानाध्यापक गंगाराम, शाहजहां बेगम, गुंजन चावला, विजेता, दिनेश कुमार, ममता गंगवार, शैलेंद्र जायसवाल, निधि अग्रवाल, मीना आदि मौजूद रहे।
बच्चों ने अंग्रेजी में दिए सवालों के जवाब
सरकारी स्कूलों में आमतौर पर शैक्षिक गुणवत्ता को लेकर अफसरों की भौहें तनी ही रहती हैं, लेकिन शनिवार को अंग्रेजी माध्यम से संचालित मॉडल स्कूल बरहा पहुंचे बीएसए बच्चों द्वारा दिए गए जवाब सुनकर काफी खुश दिखे। कक्षा तीन के बच्चों ने अंग्रेजी में ही सभी सवालों के जवाब दिए। कुछ बच्चों ने अंग्रेजी कविताएं भी सुनाई।