वनमहोत्सव के तहत चौथे दिन बरखेड़ा विधायक हेमराज वर्मा ने ग्रामीणों के साथ महोफ रेंज पहुंचकर पौधारोपण किया। यहां आयोजित गोष्ठी में उन्होंने पेड़ों की रक्षा करने और पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।
महोफ रेंज के बघा-56 कंपार्टमेंट में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ने पाकड़ का पौधा लगाकर किया। उनके साथ सपा उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर, न्यूरिया ग्राम प्रधान जगदीश, चंद्रसेन सहित कई ग्रामीणों ने पौधारोपण किया। यहां आयोजित गोष्ठी में डीएफओ कैलाश प्रकाश ने लोगों को वनमहोत्सव मनाने का कारण और इसका महत्व बताया। विधायक ने सभी से पौध लगाने और पेड़ों की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की दूरदर्शिता के कारण ही आज पीलीभीत में हरे भरे जंगल हैं जो प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने सभी से इसे सुरक्षित और संरक्षित रखने की आवश्यकता बताई। एसडीएम डीपी सिंह ने बताया विधायक एवं ग्रामीणों ने 60 पौधे लगाए, जबकि विभाग की ओर से यहां 2500 पौधे लगाए गए। इसके अलावा बराही रेंज की तराई-9 बीट में चार हजार और फैजुल्लागंज में दो हजार पौधे लगाए गए। उधर, सामाजिक वानिकी में भी पौधारोपण का काम काफी तेजी से चल रहा है।
टाइगर रिजर्व का लक्ष्य बढ़ा
वनमहोत्सव में पौधारोपण के लिए टाइगर रिजर्व को पहले 50 हजार का लक्ष्य मिला था, जिसे बढ़ाकर 60 हजार कर दिया गया। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया अब पुन: इसमें बदलाव कर लक्ष्य 40 हजार कर दिया गया है। उन्होंने बताया चार दिन में 44 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं अगले दिन में लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।