विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। सुबह नेहरू पार्क में धरना देकर लेखपालों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान मंगलवार से विधानसभा का घेराव करने के लिए लखनऊ कूच का निर्णय लिया गया।
वेतन विसंगति, पदनाम में बदलाव सहित कई मांगों को लेकर लेखपाल एक सप्ताह से हड़ताल पर रहकर नेहरू पार्क में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को उप्र लेखपाल संघ के तत्वावधान लेखपाल नेहरू पार्क में एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष अशोक गंगवार ने कहा कि संवर्ग की मांगों को पूरा किए बिना आंदोलन समाप्त नहीं होगा। जिलामंत्री राधेकृष्ण ने कहा कि जायज मांगों को मनवाए बिना लेखपाल चैन से नहीं बैठेंगे। इसके लिए चाहे जो कीमत चुकानी पड़े। तहसील अध्यक्ष दीपक कुमार, तसहील मंत्री अनुराग मिश्र, ओमकार सिंह, रामस्वरूप, राजेश भारती, रामगोपाल आदि ने भी अपने विचार रखे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम सोमवार से समाप्त हो गया है। अब मंगलवार से लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने लेखपालों से लखनऊ कूच का आह्वान किया। धरने के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र शर्मा को सौंपा। धरना प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में सोनपाल राना, मुरलीधर, राजकुमार वर्मा, सुखलाल, हरिओम मिश्रा, सुभाष दीक्षित, कृष्णपाल सिंह, सिराज नसीर, बशीर अहमद, मुकेश चंद्र, सतीश बाबू, झम्मनलाल, हरीराम सहित कई लेखपाल थे।