लोको पायलटों ने चक्काजाम कर किया प्रदर्शन
कासगंज में बृहस्पतिवार रात आरपीएफ के ट्रेन चालक की पिटाई करने के विरोध में जिले के लोको पायलट व सहायक लोको पायलटों में खासा आक्रोश है। आरोपी आरपीएफ जवानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को लोको पायलट काम बंद करके ट्रेन के आगे पटरी पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। बरेली में आंदोलन कर रहे लोको पायलटों से आश्वासन मिलने के बाद रेलवे कर्मचारी पटरी से उठे। लोको पायलटों के विरोध प्रदर्शन से करीब आधा घंटे तक दो ट्रेनों के पहिए थमे रहे। शुक्रवार सुबह पौने ग्यारह बजे करीब तीन दर्जन लोको पायलट व सहायक लोको पायलट कुंदन कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर जमा हुए। उन्होंने पहले कासगंज में आरपीएफ जवानों की गुंडागर्दी की निंदा की गई। साथी आरोपी आरपीएफ जवानों पर कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम करने का निर्णय लिया। इसके बाद शाहजहांपुर से पीलीभीत आ रही ट्रेन संख्या 52298 को आउटर पर ही रोक लिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोको पायलट ट्रेन के आगे पटरी पर बैठकर आरपीएफ के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इधर, पूर्वाह्न 11 बजे पीलीभीत से मैलानी जाने वाली ट्रेन संख्या 52205 को टोकन नहीं लेने दिया गया। इस कारण खड़ी हो गई। प्रदर्शनकारियों ने इन दोनों ट्रेनों को आगे नहीं बढ़ने दिया। करीब आधा घंटे बाद नेतृत्व कर रहे कुंदन कुमार ने बरेली में आंदोलन कर रहे साथी लोको पायलटों से फोन पर बात की। उनके द्वारा आश्वासन मिलने की जानकारी देने पर यहां के लोको पायलटों ने प्रदर्शन खत्म किया। करीब आधा घंटे बाद दोनों ट्रेनों को आगे रवाना किया जा सका। प्रदर्शन करने वालों में गौतम कुमार, मान सिंह, विंध्याचल यादव, भगवान स्वरुप, राजेश मीणा, रामकृष्ण मीणा, अर्जुन राय, सईद अहमद, भगवालन लाल आदि लोको पायलट व सहायक लोको पायलट मौजूद रहे।