पीलीभीत। कोरोना संक्रमण की तेज होती रफ्तार के चलते लॉकडाउन की गंभीरता को जनपद वासियों ने बखूबी समझा। दूसरे दिन भी लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए अधिकांश लोग घरों में ही कैद रहे। इधर पुलिस भी सड़कों पर पहरा देते हुए नजर आई। फिलहाल, सड़कों पर दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा।
55 घंटे के लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को कोरोना को हराने के जज्बे के साथ स्टेशन रोड, गैस चौराहा, चावला चौराहा, छिपियान मस्जिद, ड्रमंडगंज चौराहा, कोतवाली रोड, बरेली दरवाजा, चौक बाजार, सुनहरी मस्जिद, लाल रोड, सुनगढ़ी तिराहा, गौहनिया चौराहा, छतरी चौराहे पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि इन मार्गों पर मेडिकल, अस्पताल दूध दही समेत जरूरी सेवाओं की दुकानें खुली रहीं। ज्यादातर लोगों ने लॉकडाउन लगने से पहले ही खाने-पीने की वस्तु पहले ही खरीद कर रख ली थीं। इसलिए भी सड़कों पर चहल कदमी न के बराबर दिखाई दी। इधर पुलिस भी लॉकडाउन का पालन करने के लिए शहर का भ्रमण कर सड़कों पर बेवजह घूमने वालों को रोकती टोकती रही। सख्ती का असर भी दिखा। अधिकांश लोगों ने लॉकडाउन के नियमों का पूरी तरह से पालन किया।