पीलीभीत। सप्ताह में दो दिन के लॉकडाउन के बीच शाहजी मियां दरगाह पर कुछ लोगों के सामूहिक रुप से चादरपोशी के लिए पहुंचने की सूचना पर सीओ सिटी ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। पुलिस को वहां चादरपोशी करने वाले तो नहीं मिले लेकिन दरगाह के बाहर भीड़ जरूर मिली। वहां जुटे लोगों को खदेड़ दिया गया। खाकी वर्दी पहने हुए खुद को प्राइवेट गार्ड बता रहे बहेड़ी के तीन समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस चादरपोशी कराने के लिए की गई तैयारियों को लेकर सुराग जुटाती रही। फिलहाल अभी किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार शाहजी मियां के उर्स में किसी तरह के सामूहिक आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है। दरगाह के सज्जादानशीं की ओर से भी लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की गई थी। मगर, रविवार को कुछ लोग एकत्र होकर दरगाह के गेट पर चादरपोशी करने के लिए पहुंच गए। स्थानीय लोगों की ओर से सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद कुछ ही देर में सीओ सिटी प्रवीण मलिक, कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को वहां चादरपोशी करने वाले तो नहीं मिल पाए, लेकिन दरगाह के बाहर भीड़ लगी थी। पुलिस ने सख्ती करते हुए लोगों को खदेड़ दिया। मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्हें पुलिस कोतवाली ले आई और पूछताछ की गई। नौगवां पकड़िया, भिकारीपुर गांव से भी कुछ लोगों के चादरपोशी के लिए पहुंचने का इनपुट मिला था। ऐसे में स्थानीय चौकी के पुलिस कर्मियों को इस पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान कई बाइक चालक भी लॉकडाउन का उल्लंघन करते पकड़े गए। फटकार लगाते हुए उनके वाहनों का चालान किया गया। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि हिरासत में लिए गए पांचों लोगों से पूछताछ चल रही है। अभी किसी पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
वर्दी पहना देख सीओ भी रह गए दंग
हिरासत में लिए गए पांच में से तीन लोग खाकी वर्दी पहने हुए थे। उन्हें देखकर एक बार तो कोई भी चकरा जाए कि ये पुलिसकर्मी तो नहीं? सीओ ने तीनों से सवाल किए तो उन्होंने बताया कि वह बहेड़ी बरेली के रहने वाले हैं। प्राइवेट सुरक्षा गार्ड के तौर पर हर साल आते हैं। मगर, तीनों खाकी वर्दी पहनने को लेकर कोई जवाब नहीं दे सके।
बढ़ाई गई निगरानी, फोर्स को दोनों रास्तों पर लगाया
दोबारा कोई चादरपोशी करने के लिए न पहुंच जाए, इसके लिए निगरानी बढ़ा दी गई। एक इंस्पेक्टर, दो दरोगा और 10 सिपाहियों को दरगाह के दोनों रास्तों पर निगरानी करने के लिए तैनात कर दिया गया। शाम तक सभी की ड्यूटी वहीं पर रही। इसके अलावा कोतवाली की एक गाड़ी भ्रमण पर रखी गई।
लॉकडाउन में सामूहिक रुप से चादरपोशी करने के लिए कुछ लोगों के पहुंचने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर गई थी। इस बार सामूहिक आयोजन की अनुमति कोरोना संक्रमण को देखते हुए नहीं दी गई है। नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। - प्रवीण मलिक, सीओ सिटी