कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बेची गई जमीन पर धोखाधड़ी से बैंक ऋण ले लिया गया। विरोध करने पर बैनामा निरस्त कराने की धमकी दी गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दंपती समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला गनेशगंज निवासी राजीव सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने गांव हरीपुर मुस्कीन जटपुरा निवासी हरवेंद्र सिंह की पत्नी सुखराज कौर, उसके पुत्र तेजेंद्रपाल सिंह की जमीन वर्ष 2013 में और पत्नी रचना सिंह के नाम हरवेंद्र सिंह की जमीन वर्ष 2014 में खरीदी थी।
जमीन खरीदते समय तीनों लोगों की जमीन को भार मुक्त होने की खतौनी दिखाई गई थी। आरोप है कि पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन का दाखिल खारिज न करा पाने पर आरोपियों ने पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन पर बैंक से ऋण निकाल लिया। राजस्व कर्मियों से मिलीभगत कर जमीन को भारमुक्त अभिलेखोंं में करा दिया गया।
विरोध पर कराया गया बैनामा निरस्त कराने की धमकी दी गई। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर राजीव सिंह की ओर से सुखराज कौर, उसके पुत्र तजेंद्रपाल सिंह, हरवेंद्र सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।