किशोरी की मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी इसी वर्ष इंटर उत्तीर्ण करने के बाद एक कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। युवक सोनू काफी समय से बेटी को स्कूल आते-जाते समय छेड़छाड़ कर रहा था। किशोरी ने इस बात की जानकारी घर पर भी हर बार दी। परिजनों ने सोनू के पिता भूपराम से शिकायत कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन सोनू की हरकतें बंद नहीं हुईं।
मां के अनुसार, उनकी बेटी सोमवार को बीसलपुर कस्बे में एक टॉकीज के पास किराये पर रहने वाली अपनी सहेली से मिलने गई थी। सोनू भी वहां पहुंच गया और छात्रा से जबरन दुष्कर्म किया। साथ ही शादी करने के लिए दबाव बनाया। शोर सुनकर मकान मालिक मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। सहेली के परिवार के अन्य लोगों के पहुंचने पर सोनू छत से कूदकर भाग गया। इसके बाद किशोरी रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
युवक के पिता ने फैसला करने का बनाया दबाव
तहरीर में मां ने बताया कि अगले दिन 11 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे किशोरी गोबर डालकर घर लौट रही थी। तभी रास्ते में सोनू के पिता ने उसे रोक लिया। उसने बेटी पर उसके बेटे के खिलाफ झूठा फंसाने आरोप लगाने की बात कहते हुए थाने में फैसला लिखकर देने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मां के अनुसार, सोनू व उसके पिता की धमकी के बाद से वह काफी परेशान थी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मां के किसी काम में व्यस्त होने के बीच किशोरी ने घर के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया।
मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल, आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - राहुल पांडेय, सीओ, बीसलपुर