शेरपुरकलां। बिजली कटौती के विरोध में शेरपुरकलां विद्युत उपकेंद्र पर मंगलवार को उपभोक्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। जेई को ज्ञापन देकर सप्लाई में सुधार करने की मांग की।
कस्बे में करीब 2200 घरेलू और 25 कॉमर्शियल कनेक्शन है। कस्बे में 250-400 केवीए के दो ट्रांसफार्मरों से बिजली सप्लाई की जाती है। लाइनें जर्जर होने से आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। मंगलवार को सब स्टेशन पर जमा हुए लोगों ने जमकर हंगामा किया। अधिकारियों पर अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए सुधार की मांग की गई। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता उमेश कुमार ने बातचीत कर सुधार का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। लोगों ने बिजली सप्लाई न सुधरने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। ज्ञापन में क्षमता के अनुसार ट्रांसफार्मर लगवाने, जर्जर लाइनों को बदलने समेत कई बिजली सुधार संबंधी मांगे की गईं। प्रदर्शन करने वालों में नदीम खां, दिलशाद, अयाज, मीनू बरकाती, सैफ रजा, विक्की, हाजी बबलू, शायरा बेगम आदि रहे।