पीलीभीत। सालों से चल रहे हैं जमीनी विवाद में कोतवाली पुलिस ने एक भाजपा नेता के असलहा का लाइसेंस निरस्त करने के लिए एसपी को रिपोर्ट भेजी है। कोतवाली पुलिस ने यह रिपोर्ट भाजपा नेता के जमीनी विवाद से जुड़े मामले में भेजी गई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला डालचंद में वाल्मीकि बस्ती में वहीं की रहने वाली डिंपल गौड़ पत्नी ज्ञानेंद्र गौड़ से भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित वाल्मीकि का जमीनी विवाद चल रहा है। सप्ताह भर पहले डिंपल गौड़ कोर्ट के आदेश पर अपनी जमीन पर निर्माण करा रही थीं। तभी वाल्मीकि समाज के लोग मौके पर एकत्र होकर निर्माण का विरोध करने लगे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को मुचलका पाबंद कर मामले को शांत करा दिया था। दोनों पक्षों की ओर से मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इधर डिंपल गौड़ ने वाल्मीकि समाज की ओर से भाजपा नेता अमित वाल्मीकि से अपनी जान को खतरा बताया है। उनका कहना है कि झगड़े के दिन भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित वाल्मीकि अपना लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचे थे। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उनके पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए रिपोर्ट एसपी को भेजी है।