पीलीभीत। अब जनपद के जन सेवा केंद्रों पर भी लोग देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी की तीन माइक्रो पॉलिसी ले सकेंगे। सरकार ने गांव के लोगों को अपने जीवन के साथ और जीवन के बाद परिवार की सुरक्षा के लिए जीवन बीमा के प्रति जागरूक करने के लिए भारतीय जीवन बीमा निगम के साथ अनुबंध किया है। इसके तहत जन सेवा केंद्रों से लोगों को तीन माइक्रो पालिसी की सुविधा शुरू की गई है। खास बात यह है कि यह पॉलिसी प्लान ऐसे हैं जिससे सभी वर्ग के लोग जुड़ सकते हैं। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए इसकी ई-लांचिंग की जा चुकी है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित जन सेवा केंद्रों से अभी तक लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, ई-डिस्ट्रिक की सेवाएं, बिल पेमेंट, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत कई सुविधाएं प्रदान की जा रही थी।
549 केंद्रों से मिलेगी सुविधा
जीवन बीमा की सुविधा के लिए जिले के 549 जन सेवा केंद्रों से लोगों की जीवन बीमा की सुविधा शुरू की जा रही है। इस सुविधा के लिए सेंटर संचालक को एक परीक्षा पास करना जरूरी है।
तीन माइक्रो पॉलिसी करवा सकेंगे
जन सेवा केंद्रों के माध्यम से अभी माइक्रो बचत, भाग्य लक्ष्मी और जीवन मंगल बीमा योजना शुरू की जा रही है। जो बहुत ही कम दर वाली हैं और उनको मासिक, त्रैमासिक, अर्द्घवार्षिक या वार्षिक किस्तों के रूप में जमा करते हैं। इन बीमा पॉलिसी से सामान्य वर्ग के लोगों को आसानी से जोड़ा जा सकता है।
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
जन सेवा केंद्र के जिला प्रबंधक शुभम सिद्धार्थ ने बताया कि जन सेवा केंद्रों से मिलने वाली इस सुविधा के लिए आधार कार्ड, फोटो, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर और ई मेल के साथ व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी और नॉमिनी की जरूरत होगी।