पीलीभीत। पीटीआर कार्यालय में डीएफओ के स्टेनों के साथ कक्ष में पहुंचकर मारपीट और अभद्रता के मामले में नामजद आरोपी सामाजिक वानिकी कार्यालय के वरिष्ठ सहायक पर सख्ती बरती जा रही है। इसके लिए पीटीआर के डीएफओ की ओर से सामाजिक वानिकी के डीएफओ को पत्र भेजकर वरिष्ठ सहायक पर अनुशासिक कार्रवाई के साथ स्थानांतरण करने का आग्रह किया है।
10 जून को पीटीआर मुख्यालय पर घटना हुई थी। मामले में डीएफओ के स्टेनो प्रमोद कुमार की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें कहा गया था कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के मलूकपुर बाजदरान घेर नसीर निवासी सोहान खां व इमरा खान उनके कार्यालय कक्ष में घुस आए और वृक्ष संबंधी पत्रावली के संबंध में जानकारी करने लगे। जानकारी देने के बावजूद आरोपियों ने उसने के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे वह घायल हो गए। राजकीय अभिलेखों को भी आरोपियों ने छिन्न भिन्न किया। कर्मचारियों के एकत्र होने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए।
इसके बाद सामाजिक वानिकी कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक द्वारा कार्यालय पहुंचकर अभद्रता और धमकाने के आरोप लगाए थे। इधर इस मामले में विभागीय अफसरों ने गंभीरता से लिया। इसपर डीएफओ मनीष सिंह की ओर से सामाजिक वानिकी के डीएफओ भरत कुमार डीके को पत्र लिखकर वरिष्ठ सहायक पर अनुशासनिक कार्रवाई के साथ स्थानांतरण कराने का आग्रह किया है। इसके साथ ही कथित ठेकेदारों का पंजीकरण निरस्त कर काली सूची में डालने की बात भी लिखी गई है। डीएफओ ने बताया कि मामले में पत्र लिखकर विभागीय कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।