गुलाबटांडा (पीलीभीत)। बराही रेंज के जंगल से सटे सिमरा ताल्लुके महाराजपुर गांव में तेंदुए की दहशत कम नहीं हो सकी है। रविवार देर शाम तेंदुए ने एक बार फिर गांव की सीमा में दस्तक दी। ग्रामीण मस्तक के घर के बाहर बंधी बकरी को उठा ले जाकर पास के खेत में निवाला ले गया। आहट होने पर एकत्र हुए ग्रामीणों के शोर-शराबा करने पर तेंदुआ बकरी के शव को छोड़कर जंगल की ओर निकल गया। सूचना के बाद क्षेत्रीय वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
टाइगर रिजर्व से बाहर निकल रहे बाघ, तेंदुए की चहलकदमी को लेकर जहां ग्रामीणों में दहशत है, वहीं अब तीन दिन पूर्व मानव वन्यजीव संघर्ष में हुई बाघिन की मौत के बाद अफसर गंभीर दिखाई दे रहे हैं। इसको लेकर जंगल से बाहर हिंसक वन्यजीवों की चहलकदमी पर पूरी नजर रखने के कड़े निर्देश भी जारी किए गए हैं। इधर बराही रेंज के जंगल से सटे धुरिया पलिया व सिमरा गांव की सीमा में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही है। तेंदुआ आबादी क्षेत्र में दस्तक देकर मवेशियों को भी निवाला बना रहा है। रेंजर वजीर हसन ने बताया कि रेंज क्षेत्र के अंतर्गत तेंदुए की चहलकदमी को देखते हुए निगरानी बढ़ाने के निर्देश सभी वनकर्मियों को दिए गए है।