मझोला। कई वर्षों से बंद पड़ी डिस्टलरी में एक बार फिर तेंदुआ दिखा है। तेंदुआ की मौजूदगी से लोगों में दहशत है। मंगलवार रात एक स्थानीय निवासी ने डिस्टलरी की दीवार पर बैठे तेंदुआ की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
तेंदुआ डिस्टलरी परिसर के भीतर लंबे समय से डेरा डाले हुए है। ग्रामीणों का कहना है कि यह तेंदुआ पिछले छह महीनों से सक्रिय है। समय-समय पर कुत्तों, बकरियों व अन्य पालतू जानवरों को अपना शिकार बनाता रहा है। इसी मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चे साइकिल से मझोला पढ़ने के लिए जाते-आते हैं। दो दिन पूर्व भी तेंदुआ पकड़िया-विजयपुर मार्ग के पास बनी डिस्टलरी की दीवार पर बैठा देखा गया था। सूचना के बाद भी वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। चीनी मिल के सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश गौतम ने कहा कि लगातार तेंदुआ देखे जाने की जानकारी वन विभाग को दी जा रही है। लोगों ने वन विभाग से तत्काल तेंदुए को पकड़ने और सुरक्षित जंगल पहुंचाने की मांग की है। साथ ही डिस्टलरी और चीनी मिल परिसर की सफाई कराने की आवश्यकता बताई है, ताकि ऐसे जंगली जानवरों का प्रवेश रोका जा सके। संवाद