बरखेड़ा। क्षेत्र के गांव रम्पुरा नत्थू और पिपरा खास के बीच नहर की पुलिया के पास सोमवार शाम करीब पांच बजे तेंदुआ ने एक बकरे को अपना शिकार बना लिया। वन विभाग की लचर कार्यशैली से लोगों में गहरा रोष है।
गंगापुरी गांव निवासी धर्मपाल अपनी बकरियां चराने के लिए क्षेत्र में गया था। वह अन्य कार्य से नहर के दूसरी तरफ गया हुआ था, तभी अचानक तेंदुआ की दहाड़ सुनाई दी। आवाज सुनकर धर्मपाल की बाकी बकरियां तो भागकर उसके पास आ गईं, लेकिन एक बकरा वहीं छूट गया। जब धर्मपाल ने मौके पर जाकर देखना चाहा, तो तेंदुआ की दोबारा दहाड़ सुनकर वह घबरा गया। ग्रामीण एकजुट होकर जब घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां बकरे का अधखाया शव कुछ दूरी पर रमेश गंगवार के खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन बार-बार संपर्क करने के बावजूद विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल मौके पर टीम भेजकर तेंदुए की धरपकड़ करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। संवाद
-
वर्जन-
बारिश के बाद मंगलवार को टीम गई थी, लेकिन बारिश के कारण तेंदुआ के पग चिह्न नहीं मिले। फिलहाल वन कर्मियों की ओर से चौकसी की जा रही है। रोहित जोशी, वन क्षेत्राधिकारी