पूरनपुर। घर में घुसकर तेंदुआ ने एक बकरी पर हमला कर घायल कर दिया और दूसरी बकरी को मार डाला। उसका शव पास के खेत में खींच ले जाकर निवाला बना लिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को तेंदुआ के पैरों के निशान मिले।
घटना हजारा थाना क्षेत्र के गांव चंद्रनगर में बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे की है। गांव के नगीना प्रसाद के घर में घुसे तेंदुआ ने एक बकरी पर झपट्टा मारकर घायल कर दिया। शोर-शराबा पर तेंदुआ ने उनकी दूसरी बकरी को मार डाला। उसका शव खींचकर पास के खेत मेंं खींच ले गया और निवाला बना लिया। घटना की जानकारी पर एकत्र हुए लोगों ने शोर-शराबा किया। सूचना वन विभाग के अफसरों को दी गई।
संपूर्णानगर रेंज से पहुंची टीम को तेंदुआ के पैरों के निशान मिले। रेंजर ललित कुमार ने बताया कि तेंदुआ ने घर में घुसकर बकरी को घायल किया। दूसरी बकरी को मारकर उसका शव खेत में खींच ले गया। खेत में बकरी के अवशेष मिले। अवशेष का पोस्टमाॅर्टम कराकर उसे दफना दिया गया। तेंदुआ की चहल-कदमी पर टीम पहले से ही निगरानी को लगी है। आसपास के लोगों को तेंदुआ की चहल-कदमी पर सतर्क किया गया है। संवाद