जंगल से निकलकर गांव में पहुंचे तेंदुए ने एक पालतू कुत्ते को मार डाला। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ गांव के निकट गन्ने के खेत में भाग गया। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ अभी भी खेत में छिपा है जबकि मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के अनुसार तेंदुआ जंगल में चला गया है। न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव पंडऱी में राममूर्ति के गन्ने के खेत से निकलकर एक तेंदुआ गांव में पहुंचा और भूमिसेन स्थल के निकट प्यारेलाल के पालतू कुत्ते को मारा डाला। तेंदुआ देख गांव वालों ने शोर मचाया जिस पर तेंदुआ कुत्ते का शव छोड़ कर गांव के निकट राममूर्ति के गन्ने के खेत में चला गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी जिसपर रेंजर गजेंद्र बहादुर सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने खेत का निरीक्षण किया। बताए गए खेत में भी तलाशी की गई लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। निरीक्षण के बाद रेंजर ने बताया कि तेंदुआ जंगल में चल गया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वह किसी दूसरे गन्ने के खेत में अभी भी छिपा है। इस बाबत जानकारी करने पर रेंजर गजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जंगल के किनारे के खेतों में अक्सर तेंदुआ आ जाता है। टीम को गांव में लगाया गया है।