सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां जारी न होने के कारण खनंका क्रय केंद्र तीन दिन से बंद पड़ा है, जिससे किसानों को दिक्कत हो रही है। खनंका क्षेत्र के किसानों का अरली वैरायटी का गन्ना खत्म हो चुका है। बावजूद इसके डालमियां शुगर मिल निगोही के गन्ना विभाग ने अभी तक किसानों की सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां जारी नहीं की हैं। इस कारण क्रय केंद्र पर तीन दिनों से गन्ने की तौल ठप पड़ी है। किसानों ने चीनी मिल और गन्ना विभाग के अधिकारियों से सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां जारी कराने की मांग की, लेकिन अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं हो पाई है। इससे किसानों में रोष है। इस बाबत गन्ना विकास परिषद के एससीडीआई धर्मेंद्र प्रसाद दुबे ने बताया कि चीनी मिल के गन्ना अधिकारी योगेंद्र शुक्ला से सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां तत्काल निर्गत कराने को कह दिया है।