भाजपा विधायक ने अपनी मौजूदगी में डीसीओ से किसान सहकारी चीनी मिल के केन यार्ड की चेकिंग कराई। चेकिंग के दौरान गुणवत्ता के विपरीत गन्ना मिला। इस पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई।
भाजपा विधायक रामसरन वर्मा मंगलवार को डीसीओ राजेश्वर सिंह के साथ केन यार्ड पहुंचे और गन्ने की चेकिंग कराई। चेकिंग के दौरान सूखा, जड़ और अगौला युक्त गन्ना मिला। इस पर विधायक ने डीसीओ और मिल के अधिकारियों से नाराजगी जताई। डीसीओ ने मौके पर मौजूद मिल के जीएम नरेंद्र राय को गन्ना विभाग के दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। डीसीओ ने किसानों से मानक के अनुसार गन्ना लाने की हिदायत दी। विधायक ने बताया कि वह इस मामले की शिकायत डीएम और संघ के एमडी से करेंगे। डीसीओ ने बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा के गेट के सभी क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से समस्याएं पूछीं।
डीसीओ ने चीनी मिल से कुछ दूरी पर माफिया द्वारा चलाए जा रहे अवैध गन्ना क्रय केंद्र पर छापा मारा। डीसीओ को देखते ही माफिया और उनके कर्मचारी भाग गए। डीसीओ ने क्रय केंद्र के कांटे बांटों को कब्जे में ले लिया है। डीसीओ ने साथ में मौजूद सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव जितेंद्र कुमार को माफियाओं का नाम पता मालूम कर उनके विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।